यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव भीलपुरा में इंसान और वन्यजीव के आमने-सामने आने की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खेतों के पास एक विशालकाय अजगर ने बकरी का शिकार कर उसे पूरा निगल लिया, जिससे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 15 फीट लंबे तथा लगभग 50 किलो वजनी अजगर को सुरक्षित काबू कर लिया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। वन्यजीव विभाग की टीम ने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि अजगर को किसी प्रकार की चोट नहीं पहुंचाई गई और पूरी प्रक्रिया वन्यजीव संरक्षण के नियमों के तहत पूरी की गई।
वन्यजीव विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अजगर या कोई अन्य जंगली जीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने, छेड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके। भीलपुरा में हुआ यह रेस्क्यू ऑपरेशन अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
