हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से 26 जुलाई को यमुनानगर में ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुबह करीब 5:15 बजे मटका चौक से रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रशासन के अनुसार, इस अभियान में हजारों लोग हिस्सा लेंगे और लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
प्रशासन के मुताबिक, 5 किलोमीटर की रेस के लिए अब तक करीब 55 हजार प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 10 किलोमीटर की रेस में 687 धावक हिस्सा लेंगे। 10 किलोमीटर रेस में पुरुष और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग पुरस्कार रखे गए हैं। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विजेता को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 75 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं चौथे से दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को 5,100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस आयोजन की खास बात यह है कि यमुनानगर प्रशासन अपने संसाधनों से इस रेस का आयोजन कर रहा है। सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कई दौर की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। रेस में हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों से भी प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन का लक्ष्य इस आयोजन के जरिए नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
