उज्ज्वल दिशा @ अंबाला : उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने नगर निगम चुनाव के दृष्टिगत आज अपने कार्यालय में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए चुनाव के तहत की जाने वाली तैयारियों को करने के साथ-साथ चुनाव आयोग द्वारा जो हिदायतें जारी की गई है उसकी अनुपालना के तहत चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाने बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त विराट, एसडीएम कनिका गोयल, एसडीएम दर्शन कुमार, अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त दीपक सूरा, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, नगराधीश अभिषेक गर्ग मौजूद रहे।उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि नगर निगम के तहत महापौर व पार्षद पदों के आम चुनाव के लिए 191 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी पोलिंग बूथों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, रैम्प व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके साथ-साथ चुनाव के लिए जो आर.ओ. व एआरओ लगाए गए हैं वे डिस्पैच सैंटर, कोलैक्शन सैंटर, स्ट्रोंग रूम का निरीक्षण करें ताकि यहां पर चुनाव से जुड़ी जो भी व्यवस्थाएं करनी है वह समय करवाना सुनिश्चित करें। बैठक के तहत उन्होने ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान के लिए आगे आकर अपने मत का प्रयोग करें। इसके लिए स्वीप गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए। संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथ केन्द्रों के बारे में समीक्षा करते हुए वहां पर व्यापक पुलिस बल की भी तैनाती रहे, इसके बारे भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतदान से पहले रैण्डामाईजेशन प्रक्रिया, चुनाव से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए ट्रेनिंग आयोजित करवाने बारे, आदर्श आचार संहिता की अनुपालना करवाने बारे, हैल्पलाईन एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने के साथ-साथ चुनाव से जुडे अन्य बिंदुओं बारे समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए हैल्पलाईन भी बनाई जाएगी ताकि वे उस पर पंजीकरण कर सकें और मतदान के दौरान उन्हें व्हील चेयर की व्यवस्था के साथ-साथ वैलंटियर की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि मई माह में गर्मी के चलते इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि मतदान के दौरान सभी पोलिंग स्टेशनों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके साथ-साथ मैडिकल किट व ओआरएस की भी व्यवस्था भी की जाए। उन्होने यह कहा कि राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके उन्हे भी चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग की जो भी हिदायतें जारी हुई है उसकी अनुपालना के तहत चुनाव का सफलतापूर्वक आयोजन करवाना है। उपायुक्त ने बैठक में यह भी बताया कि नगर निगम चुनाव के दृष्टिगत अतिरिक्त उपायुक्त विराट को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ-साथ सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी लगाए गए हैं ताकि महापौर के साथ-साथ पार्षद पदों के लिए चुनाव का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया जा सके। चुनाव के तहत अतिरिक्त उपायुक्त विराट को रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है वहीं सहायक रिटर्निंग अधिकारी के तौर पर सीईओ जिला परिषद गगनदीप, डिप्टी सीईओ राजन सिंगला, तहसीलदार आदित्य रंगा व बीडीपीओ अश्वनी कुमार शामिल हैं।

One comment