Saturday, May 30, 2026
Weather update in Himachal Pradesh

हिमाचल में पर्यटकों को आया आनंद, जब मौसम ने ली एकदम से करवट, रोहतांग-बारालाचा में हिमपात, कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि

Weather update in Himachal Pradesh

ऊंची चोटियों पर हिमपात, कई इलाकों में ओलावृष्टि

Ujjwal Disha News. शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। हालांकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, लेकिन इससे वहां घूमने पहुंचे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। इसके अलावा रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा जैसी ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। वहीं शिमला शहर, मशोबरा, कुफरी, खड़ापत्थर और आसपास की करीब दस पंचायतों में आंधी के साथ भारी ओलावृष्टि हुई।

सेब समेत अन्य फसलों को नुकसान

उधर, करसोग क्षेत्र से भी ओलावृष्टि की सूचना मिली है। इसके कारण सेब सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। शुक्रवार दोपहर बाद बादलों के बीच तेज आंधी और ओलावृष्टि हुई। हालांकि, इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है। ताजा बारिश और ओलावृष्टि के बाद दिन के तापमान में एक से 6.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

कई शहरों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट कुफरी में 6.3 डिग्री दर्ज की गई। इसके साथ ही धर्मशाला में पांच, मनाली में 4.8, कांगड़ा में 4.3 तथा ऊना और नाहन में 3.7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से एक से चार डिग्री कम रहा।

शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी (Yellow Alert In Himachal)

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को किन्नौर और लाहुल-स्पीति को छोड़ प्रदेश के अधिकांश जिलों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने की संभावना है। इसी के चलते विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

3 जून तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर (Western Disturbance)

मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 3 जून तक बना रह सकता है। इसके कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात और वर्षा, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में मई माह के दौरान अब तक 44 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 26 प्रतिशत कम है।

स्थान न्यूनतम अधिकतम

  • शिमला 17.4 25.0
  • सुंदरनगर 18.4 34.9
  • भुंतर 14.2 31.5
  • कल्पा 10.0 21.4
  • धर्मशाला 19.8 30.0
  • कांगड़ा 20.9 32.5
  • ऊना 20.7 39.6
  • नाहन 18.3 33.2
  • केलंग 3.5 18.4
  • सोलन 19.0 35.4

 

 

One comment

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *