जोहड़ के किनारे मिला शव, 23 अक्टूबर से लापता था बच्चा; पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
हरियाणा के भिवानी जिले के गांव मुंडालखुर्द में सात वर्षीय बच्चे का शव मिलने से गांव में शोक का माहौल है। बच्चा 23 अक्टूबर को घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। मंगलवार सुबह गांव के जोहड़ के किनारे बच्चे का शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच गांव के सरपंच के माध्यम से पुलिस को जोहड़ के किनारे एक बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद 23 अक्टूबर से लापता बच्चे के परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान अपने बच्चे के रूप में की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल बच्चे की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
इस घटना से बच्चे के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता पैरों से दिव्यांग हैं और मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
