Wednesday, July 29, 2026
मंदीप पैरोल रद्द भिवानी

भिवानी: पैरोल की शर्तें तोड़ने पर हत्या का आरोपी मंदीप दोबारा भेजा गया जेल

भिवानी। भिवानी पुलिस ने पैरोल पर जेल से बाहर आए हत्या के एक आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे दोबारा जेल भेज दिया है। आरोपी मंदीप पर पैरोल की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने गांव में हुड़दंगबाजी की और उससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किए गए। मामले की जानकारी डीएसपी अनूप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि तोशाम निवासी मंदीप ने जेल से पैरोल के लिए आवेदन किया था, जिसे मंडल आयुक्त द्वारा मंजूरी दी गई थी। पैरोल के दौरान आरोपी को कई शर्तों का पालन करना अनिवार्य होता है, जिनमें अच्छा आचरण बनाए रखना और निर्धारित क्षेत्र से बाहर नहीं जाना शामिल है।

पुलिस के अनुसार पैरोल मिलने के बाद आरोपी मंदीप ने इन शर्तों का उल्लंघन किया। आरोप है कि वह 10 से 15 गाड़ियों के काफिले के साथ गांव बुद्धेड़ा पहुंचा और वहां हुड़दंगबाजी की। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने आरोपी की पैरोल रद्द करने की सिफारिश की थी। संबंधित अधिकारियों द्वारा पैरोल रद्द किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को दोबारा जेल भेजने की कार्रवाई पूरी की।

 

 

यह भी पढ़े: भिवानी की मनीषा मर्डर मिस्ट्री: 29 जून से आमरण अनशन पर बैठेंगे पिता, CBI जांच पर उठाए सवाल

 

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि पैरोल या किसी अन्य कानूनी राहत का अर्थ यह नहीं है कि आरोपी कानून व्यवस्था को चुनौती दे। यदि भविष्य में भी कोई व्यक्ति पैरोल की शर्तों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने या हुड़दंगबाजी करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।