कैथल के हिंदू गर्ल्स स्कूल में रविवार को एक बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। सम्मेलन में उद्योगपतियों, व्यापारियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों ने भाग लेकर अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं।
कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी और कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सौरभ चौधरी ने मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इससे पहले जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी की अध्यक्षता में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच है कि सरकार समाज के हर वर्ग के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझे और उनके सुझावों के आधार पर नीतियां तैयार करे।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल अपनी उपलब्धियों को गिनाने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि जनसरोकारों को समझते हुए लोगों की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं और नीतियां बनाने पर जोर दे रही है।
यह भी पढ़ें: कैथल में शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 2.50 करोड़ की साइबर ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार
मंत्री बेदी ने कहा कि हरियाणा के विकास में व्यापारियों और उद्योगपतियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बड़ी आबादी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेती है, जबकि करदाता, उद्योगपति और कारोबारी राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। इसलिए सरकार उन्हें केवल करदाता नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक रीढ़ मानती है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों ने भी अपने विचार रखे और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए।
