भिवानी। भिवानी और चरखी दादरी जिले के हजारों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। वर्ष 2023 में खराब मौसम से फसलों को हुए नुकसान के बदले लंबित करीब 250 करोड़ रुपये के मुआवजे का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। इसको लेकर किसान नेताओं ने पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल के आवास पर पहुंचकर उन्हें लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की।
बीमा कंपनी ने कोर्ट से वापस लिया केस
जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में खरीफ और रबी की फसलें भारी बारिश से प्रभावित हुई थीं। किसानों के लिए करीब 350 करोड़ रुपये का मुआवजा तय हुआ था, लेकिन लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान लागू आचार संहिता के बीच बीमा कंपनी ने केवल 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया और शेष राशि के मामले में अदालत का रुख कर लिया।
जेपी दलाल ने दावा किया कि लगातार प्रयासों के बाद अब बीमा कंपनी ने कोर्ट से अपना केस वापस ले लिया है, जिससे किसानों को लंबित मुआवजा मिलने का रास्ता खुल गया है।
“समय पर मुआवजा मिलता तो चुनाव नहीं हारता”
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि यदि किसानों को समय पर मुआवजा मिल जाता तो उन्हें चुनाव में नुकसान नहीं उठाना पड़ता। उन्होंने दावा किया कि कुछ अधिकारियों की वजह से मुआवजा अटका और इसका असर चुनाव परिणाम पर पड़ा, जिसमें वह लगभग 700 वोटों से हार गए।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बीमा कंपनी से लंबित मुआवजा ब्याज सहित दिलाने के लिए भी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया था मुद्दा
जेपी दलाल ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भी यह मामला उठाया था और बीमा कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। उनके अनुसार, इसके बाद बीमा कंपनी ने अदालत से मामला वापस ले लिया।
यह भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड के बाद पानीपत प्रशासन सख्त, चार कोचिंग सेंटर किए सील
प्रधानमंत्री के दौरे पर भी जताई खुशी
17 जुलाई को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे और हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ को लेकर जेपी दलाल ने कहा कि ऊर्जा संकट के दौर में यह देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री और इस परियोजना से जुड़े वैज्ञानिकों की सराहना की।
