Wednesday, July 29, 2026
गुरु रविदास वर्ष 2026 पंजाब

गुरु रविदास जी को समर्पित होगा वर्ष 2026, पंजाब सरकार करेगी राज्यभर में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन

मंत्री तरुणप्रीत सौंध ने की वर्षभर कार्यक्रमों की घोषणा

पंजाब सरकार ने वर्ष 2026 को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को समर्पित करने का निर्णय लिया है। मंत्री तरुणप्रीत सौंध ने बताया कि सरकार का उद्देश्य गुरु रविदास जी की वाणी और उनके सामाजिक समरसता, समानता तथा मानवता के संदेश को देश-विदेश तक पहुंचाना है। इसके लिए पूरे वर्ष विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में होंगे विशेष समागम

मंत्री ने बताया कि पंजाब की विभिन्न यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में गुरु रविदास जी के जीवन, विचारों और शिक्षाओं पर आधारित विशेष समागम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को उनके संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।


6.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे, पर्यावरण संरक्षण पर भी रहेगा जोर

गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार राज्य के सभी 23 जिलों में करीब 6 लाख 50 हजार पौधे लगाएगी। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में हरियाली बढ़ाना है।


अगस्त में मैराथन, सितंबर में साइकिल रैली

सरकार की योजना के अनुसार अगस्त महीने में राज्य के सभी 23 जिलों में मैराथन आयोजित की जाएगी। वहीं सितंबर में साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा राज्यभर में लगभग 6 लाख 50 हजार ध्वज वितरित किए जाएंगे, जिन्हें लोग अपने घरों पर लगाएंगे।


खुरालगढ़ साहिब में होगा भव्य आयोजन

मंत्री तरुणप्रीत सौंध ने बताया कि 9 और 10 अक्टूबर 2026 को खुरालगढ़ साहिब में विशाल धार्मिक समागम और विशेष कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसके बाद अगले दिन भी धार्मिक कार्यक्रम जारी रहेंगे। आयोजन में ड्रोन शो, कथा और कीर्तन का भी आयोजन होगा। इसके साथ ही बेगमपुरा में भी विशेष समागम आयोजित किए जाएंगे।


चार बड़ी शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी

गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार द्वारा राज्यभर में चार भव्य शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।