Saturday, September 12, 2026
बदलते मौसम का असर

बदलते मौसम ने बढ़ाई परेशानी, अंबाला अस्पताल की OPD में मरीजों की भीड़

अंबाला: कभी बारिश, कभी तेज धूप और उसके बाद उमस भरी गर्मी… बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल की OPD में इन दिनों मरीजों की भीड़ नजर आ रही है। बड़ी संख्या में लोग खांसी, जुकाम, गला खराब, बुखार और एलर्जी जैसी शिकायतों को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।

मौसम बदलते ही बढ़ी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी

बरसात के मौसम में लगातार बदल रहे तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अस्पताल पहुंचे स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें खांसी-जुकाम और बुखार की शिकायत हो रही है। दवा लेने के बाद राहत मिलती है, लेकिन मौसम में दोबारा बदलाव होने पर परेशानी फिर शुरू हो जाती है।

लोगों का कहना है कि वे अपनी तरफ से सावधानी भी बरत रहे हैं, लेकिन बारिश, तेज धूप और उमस के बीच खुद को बीमारियों से बचाना चुनौती बना हुआ है। वहीं, नागरिक अस्पताल में इलाज और दवा मिलने पर मरीजों ने संतोष भी जताया।

डॉक्टर ने बताया कैसे करें बचाव

अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल ने बदलते मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में कभी अचानक धूप और कभी बारिश होने से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, इसलिए लोगों को अपने बचाव पर ध्यान देना चाहिए।

डॉक्टर ने लोगों को उबला हुआ या फिल्टर किया हुआ पानी पीने और बाजार में खुले या कटे-फटे फल खाने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने खाना ढककर रखने और खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करने की बात कही।

घर के आसपास पानी जमा न होने दें

बरसात के दौरान मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। डॉक्टर के मुताबिक कूलर, गमले या घर के आसपास कहीं भी पानी जमा हो तो उसे तुरंत निकाल देना चाहिए। नालियों या अन्य स्थानों पर पानी जमा होने की स्थिति में मच्छरों की रोकथाम के लिए उचित उपाय करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो रही है तो खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लेना बेहतर है।

मौसम बदला तो सावधानी भी जरूरी

फिलहाल अस्पताल की OPD में बढ़ती भीड़ यह संकेत दे रही है कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है। ऐसे में साफ पानी, ताजा भोजन, स्वच्छता और मच्छरों से बचाव को लेकर सतर्क रहना जरूरी है।