रेवाड़ी: रेवाड़ी पुलिस ने कैब चालक को बंधक बनाकर उसकी गाड़ी, मोबाइल फोन और नकदी छीनने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए रेवाड़ी और मॉडल टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू किया। पुलिस के अनुसार, वारदात 10 अक्टूबर की शाम हुई थी। एएसपी दीपिका अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी।
उबर ऐप से बुक की कैब, चार युवक हुए सवार
पुलिस के अनुसार, महेंद्रगढ़ जिले के गांव मोड़ी निवासी कैब चालक आशीष ने शिकायत में बताया कि 10 अक्टूबर को शाम करीब 7:30 बजे उसे उबर ऐप के माध्यम से बुकिंग मिली थी। इसके बाद उसने पोसवाल चौक स्थित शराब के ठेके के पास से चार युवकों को अपनी मारुति सेलेरियो गाड़ी में बैठाया।
भवाड़ी अंडरपास के पास चालक को बनाया बंधक
शिकायत के मुताबिक, कैब गांव भवाड़ी के अंडरपास के पास सुनसान रास्ते पर पहुंची तो युवकों ने चालक का गला दबाकर उसे काबू कर लिया। आरोप है कि उन्होंने चालक को गाड़ी की पिछली सीट पर बंधक बनाया और उसका मोबाइल फोन छीनकर पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद उसे खेत में ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया।
PhonePe से निकलवाए 13 हजार, पेट्रोल पंप से भी लिए पैसे
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चालक के PhonePe खाते से स्कैनर के माध्यम से करीब 13 हजार रुपये निकलवाए। इसके अलावा पेट्रोल पंप से तेल और नकदी के रूप में लगभग 7 हजार रुपये भी लिए। इस तरह कुल करीब 20 हजार रुपये की रकम छीने जाने की बात सामने आई है।
मारपीट कर हरिनगर पुल के पास छोड़ा
आरोप है कि आरोपियों ने कैब चालक के साथ मारपीट की और उसे नारनौल रोड पर हरिनगर पुल के पास छोड़ दिया। इसके बाद वे उसकी गाड़ी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार निवासी गांव पुंसिका, परदेसी बाबू निवासी गांव पैला, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), जो फिलहाल गांव तीतरपुर मसानी में किराए पर रह रहा था, तथा जतिन और कपिल निवासी गांव भीमा खरखड़ी प्रहलादपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
