नूंह: हरियाणा और राजस्थान में सक्रिय बताए जा रहे वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी की गुरुवार तड़के नूंह पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गांव सिलानी के पास पीछा करने के दौरान शाहिद ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे सोहना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके खिलाफ करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
सिलानी गांव के पास तड़के 4 बजे हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे फिरोजपुर झिरका सीआईए स्टाफ की टीम वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी का पीछा कर रही थी। शाहिद पुत्र जुम्मे खां, नूंह जिले के तावडू क्षेत्र के गांव खड़खड़ी का निवासी बताया गया है।
पुलिस टीम जब सोहना क्षेत्र के गांव सिलानी के पास पहुंची, तो कथित तौर पर शाहिद ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान शाहिद को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सोहना अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
पुलिस टीम घायल शाहिद को तुरंत सोहना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सोहना की मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर रोजकामेव थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, गांव सिलानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।
गौ-तस्करी समेत करीब 30 आपराधिक मामलों में था वांछित
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शाहिद उर्फ आडवाणी के खिलाफ गौ-तस्करी, गौकशी, लूट, डकैती, दुष्कर्म और पुलिस पर फायरिंग समेत करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह हरियाणा और राजस्थान में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बताया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, वह पहले भी पुलिस हिरासत से फरार हो चुका था। रिपोर्टों में उसकी वर्ष 2018 में गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की हिरासत से फरार होने की जानकारी भी सामने आई है
मुठभेड़ के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने और मामले की जांच की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटना से संबंधित कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है। मुठभेड़ के सभी पहलुओं की विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
