भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले के दिनोद गांव में 23 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक पिता-पुत्र ने युवक को फोन कर खेत में बुलाया और वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान रवि (23) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रवि को कई बार फोन कर खेत में बुलाया गया। आरोप है कि खेत में पहुंचने के बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और खेत में बने कमरे के अंदर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई। बाद में आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
परिजनों का कहना है कि सूचना मिलने पर रवि को तुरंत भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रवि पहले आरोपियों के यहां ट्रैक्टर चालक के रूप में काम कर चुका था। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और परिजनों के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर विवाद के बीच शिमला पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू
