Wednesday, July 29, 2026
भिवानी नीट परीक्षा 2026

भिवानी में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से हुई नीट परीक्षा, 3842 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

भिवानी। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी (NEET-UG) को लेकर भिवानी जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। जिले में बनाए गए सात परीक्षा केंद्रों (Examination centers) पर कुल 3842 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए थे।

शनिवार को सुबह 11 बजे से अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्रों (Examination centers) में एंट्री शुरू कर दी गई थी, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चली।

परीक्षा केंद्रों (Examination centers) पर अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन (Biometric verification) और कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों (Examination centers) के बाहर पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई थी, जबकि अभिभावकों के बैठने के लिए भी अलग से इंतजाम किए गए।

थाना शहर प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों (Examination centers) पर पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) के जवान तैनात किए गए थे। परीक्षा केंद्रों (Examination centers) के 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानों को बंद रखा गया तथा किसी भी प्रकार की भीड़ एकत्रित नहीं होने दी गई। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। डायल-112 की टीमें भी परीक्षार्थियों की सहायता के लिए मुस्तैद रहीं।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट (Duty Magistrate)  सोमबीर कादयान ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों के लिए पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराना था।

वहीं, री-नीट (Re-NEET) परीक्षा देने पहुंचे छात्र विकास और कुसुम ने बताया कि उन्होंने परीक्षा के लिए पूरी तैयारी की थी। हालांकि दोबारा परीक्षा होने के कारण उन्हें और उनके परिवारों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा।

अभिभावक सोमसिंह ने बताया कि वह अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए बस से भिवानी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा होने से दिक्कत जरूर हुई, लेकिन उनकी बेटी ने अच्छी तैयारी की है और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी में भिवानी में नीट परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

 

 

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर कुरान को लेकर अभद्र टिप्पणी का विवाद, कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोग