Wednesday, July 29, 2026
भिवानी टीचर मनीषा मौत मामला

भिवानी टीचर मनीषा मौत मामला: CBI से कल होगी अहम मुलाकात, पिता बोले- 20 दिन में खुलासा नहीं हुआ तो फिर होगा आंदोलन

भिवानी: भिवानी की 19 वर्षीय टीचर मनीषा की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोमवार को मृतका के पिता संजय ने पुलिस अधीक्षक (SP) सुमित कुमार से मुलाकात की। इस दौरान एसपी ने सीबीआई अधिकारियों से बात कर अगले दिन दिल्ली में मुलाकात का समय तय कराया। अब परिजनों की नजर इस बैठक पर टिकी है। पिता संजय का कहना है कि यदि सीबीआई जांच पूरी करने के लिए 20 दिन से अधिक का समय मांगती है तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे।

गौरतलब है कि भिवानी के ढाणी लक्ष्मण गांव की रहने वाली 19 वर्षीय टीचर मनीषा 11 अगस्त 2025 को लापता हो गई थी। दो दिन बाद 13 अगस्त को उसका शव पड़ोसी गांव सिंघानी के पास नहर किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजनों ने शुरुआत से ही इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। लगातार धरना-प्रदर्शन और आंदोलन के बाद 21 अगस्त को मामला सीबीआई को सौंपा गया, जिसके बाद मनीषा का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद भी कई बार प्रदर्शन, पैदल मार्च और अनशन के जरिए परिजनों ने जांच में तेजी लाने की मांग उठाई।

हाल ही में 29 जून को मनीषा के पिता संजय अनशन पर बैठने के लिए भिवानी जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गांव से बाहर ही रोक दिया। वहीं उन्होंने अनशन शुरू कर दिया था। बाद में एसपी सुमित कुमार ने एक सप्ताह के भीतर सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात कराने का आश्वासन देकर अनशन समाप्त करवाया था। अब उसी आश्वासन के तहत सीबीआई से मुलाकात का समय तय हुआ है।

एसपी से मुलाकात के बाद संजय ने बताया कि सीबीआई पहले भी उनसे कई बार पूछताछ कर चुकी है और जांच पूरी करने के लिए 90 दिन का समय मांगा था। लेकिन करीब 10 महीने बीत जाने के बावजूद अब तक जांच का खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली बैठक में सीबीआई से अब तक की जांच, जुटाए गए सबूत और जांच पूरी होने की समयसीमा के बारे में जवाब मांगा जाएगा।

मनीषा के पिता ने स्पष्ट कहा कि वे सीबीआई को अधिकतम 20 दिन का समय देंगे। यदि इसके बाद भी जांच पूरी नहीं होती या स्पष्ट जवाब नहीं मिलता, तो परिवार एक बार फिर आंदोलन और अनशन का रास्ता अपनाएगा। फिलहाल पूरे मामले में अब सभी की निगाहें सीबीआई के साथ होने वाली इस अहम बैठक पर टिकी हुई हैं।