- विश्व रक्तदाता दिवस पर रेडक्रास भवन में लगा शिविर, 26 यूनिट रक्त संग्रहित
Blood Donation Camp अंबाला शहर। विश्व रक्तदाता दिवस (World Blood Donation Day) पर रेडक्रास भवन में शिविर ने मानवता के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारी का भी संदेश दिया। शिविर में एसडी कॉलेज के संजीव ने अपने भाई और पत्नी सुरभि डोगरा के साथ रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। तीनों ने एक साथ रक्तदान कर यह संदेश दिया कि जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में परिवार भी अहम भूमिका निभा सकता है।
जिला रेडक्रास सोसायटी (District Redcross society) द्वारा उपायुक्त एवं अध्यक्ष अजय सिंह तोमर तथा सचिव विजय लक्ष्मी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कुल 26 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। सिविल अस्पताल अंबाला छावनी की ब्लड बैंक टीम ने डॉ. नीतू सचदेवा के नेतृत्व में रक्त संग्रहण किया। कार्यक्रम अधिकारी मनोज सैनी (Manoj Saini) के संचालन में आयोजित शिविर में रेडक्रास वालंटियर्स, इंटर्न्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कई स्वयंसेवकों और स्टाफ सदस्यों ने भी रक्तदान कर अभियान को सफल बनाया।
शिविर में स्टार डोनर राजेंद्र गर्ग, कृष्ण सैनी, सुरेंद्र दुबे, सतीश सेठी, आजीवन सदस्य राकेश मक्कड़, डॉ. किरण आंगरा और राजेश डोगरा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र, बैज और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश देते हुए स्टील के गिलास भेंट किए गए। नियमित रूप से रक्तदान करने वाले स्टार डोनर्स को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान को जीवनदान का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम बताते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की गई।
Also Read : विश्वस्तरीय सुविधाओं का दावा, लेकिन खिलाड़ियों को गर्मी में बहाना पड़ रहा पसीना
