Wednesday, July 29, 2026

Modern gymnastics halls : विश्वस्तरीय सुविधाओं का दावा, लेकिन खिलाड़ियों को गर्मी में बहाना पड़ रहा पसीना

Modern gymnastics halls are currently in a state of neglect :

अंबाला। अंबाला के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया आधुनिक जिमनास्टिक हॉल इन दिनों बदहाल व्यवस्था का शिकार है। 30 मार्च को एसी सिस्टम से जुड़े कॉपर पाइप चोरी होने के बाद से हॉल का सेंट्रल एयर कंडीशनिंग सिस्टम पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच खिलाड़ी सुबह और शाम नियमित अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें राहत के नाम पर केवल कुछ पंखों के सहारे ही प्रशिक्षण लेना पड़ रहा है।

खिलाड़ियों का कहना है कि हॉल के अंदर गर्म हवा के बीच अभ्यास करना बेहद कठिन हो गया है। इससे न केवल उनकी फिटनेस प्रभावित हो रही है, बल्कि प्रदर्शन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि जिस हॉल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया था, वहां अब बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव महसूस हो रहा है।

इस संबंध में जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों को तत्काल राहत देने के लिए हॉल में अतिरिक्त पंखों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि एसी सिस्टम को दोबारा चालू कराने के लिए मुख्यालय को पत्र भेजकर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है।

वहीं, वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम की समस्याएं केवल जिमनास्टिक हॉल तक सीमित नहीं हैं। स्टेडियम स्थित ऑल वेदर स्विमिंग पूल का टेंडर स्विमिंग सीजन शुरू होने के लगभग दो माह बाद भी नहीं हो पाया है। इससे तैराकी खिलाड़ियों, विशेषकर नए खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला तैराकी संघ का कहना है कि पूल बंद रहने के कारण नए खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हो रहा है और उन्हें मजबूरन निजी स्विमिंग पूलों का सहारा लेना पड़ रहा है। संघ ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाने की मांग की है, ताकि खिलाड़ियों और आम नागरिकों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।

उधर, जिला खेल अधिकारी ने बताया कि जो खिलाड़ी पहले से प्रशिक्षण ले रहे हैं, उनकी ट्रेनिंग फिलहाल जारी है। उन्होंने कहा कि नए खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से की जानी है। टेंडर जारी कर दिया गया है और प्रक्रिया पूरी होते ही नए खिलाड़ियों के लिए भी प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाएगा। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो इसका असर खिलाड़ियों की तैयारी और भविष्य पर पड़ सकता है।

Also Read: Blood Donation Camp : खून के रिश्तों ने बढ़ाया रक्तदान का मान, भाई-भाभी संग पहुंचे संजीव