Tuesday, July 28, 2026
चंबा कार हादसा

चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त, दो महिलाओं समेत 3 की मौत

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उरई-सामरा रूणहकोठी मार्ग पर सारनी पुल के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक ऑल्टो कार में सवार लोग धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सामरा रूणहकोठी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सारनी पुल के समीप कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान चतरो देवी पत्नी पून्नू राम, बशैहरो देवी पत्नी घनिया राम निवासी गांव उरई तथा चालक अंकू निवासी रूणहकोठी के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में घायल दो लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत निजी वाहनों के माध्यम से मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें: पंजाब में बढ़ रहा भाजपा का कुनबा, AAP के पूर्व उम्मीदवार जीत लाल भट्टी भाजपा में शामिल

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की जानकारी पुलिस थाना भरमौर को भी दे दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।