Wednesday, July 29, 2026
हिसार में जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में कैंडल मार्च

जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में हिसार में कैंडल मार्च, छात्रों और सामाजिक संगठनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

हिसार: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को हिसार में छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने एचएयू गेट नंबर-4 से स्वतंत्रता सेनानी गोपीचंद भार्गव की प्रतिमा तक मार्च किया और इस दौरान नारेबाजी करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

कैंडल मार्च में शामिल एडवोकेट विक्रम मित्तल ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है और ऐसे में उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विक्रम मित्तल ने सोशल मीडिया पर सामने आए फोटो और वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि लाठीचार्ज के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कुछ बिना वर्दी वाले लोग भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए और यदि जांच में उनकी भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जंतर-मंतर पर हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और इसमें शामिल सभी जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। कैंडल मार्च के दौरान छात्रों और सामाजिक संगठनों ने घटना पर रोष जताते हुए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्रों की सुरक्षा और अधिकार सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।