Wednesday, July 29, 2026
HTET 2026 Ambala

HTET 2026: अंबाला में PGT परीक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम, 6 केंद्रों पर CCTV और मुफ्त रोडवेज बस सेवा

अंबाला। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 के तहत आयोजित होने वाली पीजीटी परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए अंबाला जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा शुक्रवार दोपहर 3 बजे से शुरू होगी।

प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग कर परीक्षार्थियों की गहन जांच की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि छतों पर भी सुरक्षा कर्मियों की निगरानी रहेगी ताकि किसी भी तरह की नकल या अव्यवस्था को रोका जा सके।

दूसरी ओर, हरियाणा रोडवेज ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू की हैं। अंबाला डिपो से नारायणगढ़, मुलाना, अंबाला शहर, अंबाला छावनी, यमुनानगर और कालका सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। अंबाला छावनी बस अड्डे पर हेल्प डेस्क भी बनाया गया है, जहां अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने और परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस अपने गंतव्य तक जाने के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से पहुंचे परीक्षार्थियों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उनका कहना है कि सुरक्षा, परिवहन और परीक्षा केंद्रों पर किए गए इंतजाम संतोषजनक हैं और इससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलेगी।

अंबाला कैंट सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सैनी ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों के सामान की जांच के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है तथा प्रतिबंधित वस्तुओं को बाहर ही जमा कराया जा रहा है।

फारुख खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल के.पी. सिंह ने बताया कि उनके केंद्र पर दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 645 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: अंबाला कैंट में पहली बार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम, अनिल विज ने की तैयारियों की समीक्षा