पलवल। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शनिवार को पलवल जिले के होडल, हथीन और पलवल क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
होडल स्थित महारानी किशोरी मेमोरियल कन्या महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, ताकि धरती को हरा-भरा बनाया जा सके और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने होडल के सती सरोवर में सफाई अभियान का शुभारंभ भी किया। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कृष्णपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका भी लोगों को वितरित की। साथ ही 90 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से मजबूत हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में देश में एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, मेडिकल कॉलेज और एयरपोर्ट की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रेलवे के विद्युतीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और रक्षा उत्पादन में भी अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसान मजदूर मोर्चा का आंदोलन, BJP दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन का ऐलान
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास जैसे ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुका है और वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री चौधरी हर्ष कुमार, होडल विधायक हरेंद्र रामरतन, पूर्व विधायक दीपक मंगला, जिला उपायुक्त यजेंद्र सिंह छिल्लर, डीएमसी मनीषा शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
