Wednesday, July 29, 2026

कुरुक्षेत्र में पुजारी पर हमले के बाद बुलडोजर एक्शन, आरोपी पंकज के घर और अवैध कब्जे पर प्रशासन की कार्रवाई

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के अढ़ोनी गांव में शिव मंदिर के 74 वर्षीय पुजारी योगीराज गिरी पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पंकज के घर और कथित अवैध कब्जे वाली दरगाह के हिस्से पर बुलडोजर चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने सबसे पहले आरोपी के मकान का सरकारी रास्ते पर बना हिस्सा तोड़ा और इसके बाद दरगाह के उस हिस्से पर कार्रवाई की, जिसे प्रशासन ने अवैध कब्जा बताया। हालांकि आरोपी की मां ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पूरे गांव में कई अन्य लोगों ने भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है, लेकिन कार्रवाई केवल उनके परिवार के खिलाफ की गई है।

मामला 9 जुलाई का है, जब अढ़ोनी गांव के शिव मंदिर में पूजा के दौरान पुजारी योगीराज गिरी पर हमला हुआ था। आरोप है कि मुख्य आरोपी पंकज ने पहले पुजारी के साथ मारपीट की और फिर उनके गले में परना डालकर सड़क पर घसीटा, जिससे उनकी टांग टूट गई और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घायल पुजारी का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस के सामने यह भी आया कि आरोपी सुबह करीब चार बजे ही मंदिर के पास पहुंच गया था और उसने पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी। पुलिस के अनुसार, वह पुजारी की गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर रहा था। बाद में एक अन्य वीडियो में वह पुजारी की कुटिया की रेकी करता भी दिखाई दिया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश भी की। पुलिस के मुताबिक, दूसरे आरोपी की तलाश के दौरान उसने पेशाब का बहाना बनाकर पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ाया और पुल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद और साधु समाज ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अवैध कब्जे हटाने की मांग की थी। गांव के सरपंच परमजीत सिंह के अनुसार वर्ष 2023 में पंचायत ने गांव के सरकारी रास्तों पर अवैध कब्जों की शिकायत प्रशासन को दी थी और निशानदेही भी हो चुकी थी। प्रशासन अब सभी अवैध कब्जों के खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई करेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच जारी रखे हुए है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें: भिवानी में खूनी हमला: 6 साल पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दूसरा गंभीर घायल