Wednesday, July 29, 2026
नूंह HTET 2026 परीक्षा

HTET 2026: नूंह में कल से परीक्षा शुरू, 8 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नूंह: हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2026 का आयोजन 4 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए नूंह जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी 8 परीक्षा केंद्र नूंह शहर में बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि 4 जुलाई को आयोजित होने वाली पीजीटी परीक्षा में 1,058 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं 5 जुलाई को सुबह टीजीटी परीक्षा में 2,362 और शाम को पीआरटी परीक्षा में 1,458 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

प्रशासन के अनुसार इस वर्ष परीक्षा में लगभग 70 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी शामिल होंगी। इसे देखते हुए महिला अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों के बैठने और पेयजल की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी परीक्षा केंद्रों पर पूरी तरह सतर्क रहेंगी।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रश्नपत्र बोर्ड की संयुक्त टीम, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सेंटर सुपरिटेंडेंट की मौजूदगी में ट्रेजरी से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे।

परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, वीडियोग्राफी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा-163 लागू रहेगी। इस दौरान फोटोस्टेट की दुकानें और अन्य अनधिकृत गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी पुलिस निगरानी रखेगी।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि यदि कोई अभ्यर्थी गलती से दूसरे परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाता है, तो ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस राइडर उसे तुरंत सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहायता करेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

यह भी पढ़ें: पांगी में बादल फटने से मची तबाही, सेचू-तुआन मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल