भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लगाया लोकतंत्र के दमन का आरोप
पलवल स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आपातकाल को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, मार्केट कमेटी चेयरमैन पंकज विरमानी और भाजपा नेता इंद्रपाल शर्मा मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने 25 जून 1975 को लागू किए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताया।
’25 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काला दिवस’
भाजपा नेता इंद्रपाल शर्मा ने कहा कि 25 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काला दिवस के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सलाह पर 25 जून 1975 की रात देश में आपातकाल लागू किया गया था, जिसके दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया और मीडिया व प्रेस की स्वतंत्रता पर पूरी तरह अंकुश लगा दिया गया था। सरकार के खिलाफ बोलना भी गैरकानूनी बना दिया गया था।
भाजपा आपातकाल को लोकतंत्र के दमन के रूप में मानती है
इंद्रपाल शर्मा ने कहा कि भाजपा आपातकाल को लोकतंत्र के दमन का प्रतीक मानती है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को आपातकाल के बारे में जागरूक किया जा रहा है ताकि नई पीढ़ी इतिहास के इस दौर को समझ सके और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के महत्व को जान सके।
‘भाजपा सरकार ने देश को विकास की दिशा दी’
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद देश के विकास को अपेक्षित गति नहीं दे पाई, जबकि भाजपा सरकार ने देश को विकास की नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है और देश में आधारभूत ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को मजबूती प्रदान की जा रही है।
लोगों को इतिहास से अवगत कराने का अभियान
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी द्वारा आपातकाल से जुड़े तथ्यों को लोगों तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोकतंत्र की रक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।
