Wednesday, July 29, 2026
Palwal Illegal Liquor Smuggling

पलवल में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 11 पेटी शराब-बीयर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पलवल, 20 जून। जिला पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशानुसार अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत होडल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक कार से अवैध शराब और बीयर की 11 पेटियां बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

होडल थाना प्रभारी सुंदरपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना में तैनात एसआई नरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ पुन्हाना मोड़ पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला नूंह निवासी दो युवक सफेद रंग की सेलेरियो कार (DL-8CAG-4671) में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर पलवल से पुन्हाना की ओर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने NH-19 स्थित बावरी मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध सेलेरियो कार मौके पर पहुंची। पुलिस नाका देखकर चालक ने वाहन को वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर कार को काबू कर लिया।

पुलिस ने कार चालक साहिल लुथरा और सहयात्री सुमित सैनी, दोनों निवासी जिला नूंह, को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 5 पेटी देशी शराब, 5 पेटी बीयर और 1 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 11 पेटियां बरामद की गईं।

पुलिस द्वारा शराब से संबंधित दस्तावेज, लाइसेंस या परमिट मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

थाना प्रभारी सुंदरपाल ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।