Wednesday, July 29, 2026
पांगी बादल फटना

पांगी में बादल फटने से मची तबाही, सेचू-तुआन मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल

चंबा: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी में बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी। घिसल धार क्षेत्र में अचानक बादल फटने के बाद घिसल और हिलौर नालों में आई भीषण बाढ़ से सेचू-तुआन मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें आ गिरीं, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। इस आपदा में किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा, जबकि एक जेसीबी मशीन मलबे में धंस गई।

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर सड़क बहाली का कार्य शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद विभाग ने फिलहाल छोटे वाहनों के लिए सेचू-तुआन मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया है। वहीं, बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू कराने के लिए मलबा हटाने का कार्य जारी है।

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि बाढ़ के कारण सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही बड़े वाहनों के लिए भी मार्ग खोल दिया जाएगा।

मौसम विभाग की चेतावनी और मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही यात्रियों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया गया है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

यह भी पढ़ें:  कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर के पास पार्क में मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी