Wednesday, July 29, 2026
पंजाब एडॉप्शन योजना

पंजाब में अनाथ बच्चों को नया परिवार दिलाने की पहल, 2024 से अब तक 87 बच्चों को मिला कानूनी गोद लेने का लाभ

चंडीगढ़। पंजाब सरकार राज्य के अनाथ, परित्यक्त और जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री बलजीत कौर ने बताया कि सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को सुरक्षित पारिवारिक माहौल उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में राज्य के सभी जिलों में स्पेशल एडॉप्शन एजेंसियां स्थापित की गई हैं, ताकि जरूरतमंद बच्चों को कानूनी रूप से गोद दिलाया जा सके।

2024 से अब तक 87 बच्चों को मिला नया परिवार

मंत्री बलजीत कौर ने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक कुल 87 बच्चों को कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद दिया गया है। इनमें 64 लड़कियां और 23 लड़के शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इनमें से 16 लड़कियों और 5 लड़कों को विदेशी परिवारों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद लिया है।

विशेष जरूरत वाले बच्चों पर भी सरकार का फोकस

मंत्री ने कहा कि सरकार विशेष जरूरत (Special Needs) वाले बच्चों के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। अब तक 10 विशेष जरूरत वाले बच्चों को भी गोद दिलाया जा चुका है।

इसके अलावा 6 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस श्रेणी के 40 बच्चों को कानूनी रूप से गोद लेने की प्रक्रिया में शामिल किया गया, जिनमें से 22 बच्चों को अब तक गोद लिया जा चुका है।

हर जिले में स्थापित की गई स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी

बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब के प्रत्येक जिले में स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी स्थापित की गई है, ताकि जिन बच्चों के माता-पिता या परिवार नहीं हैं, उन्हें सुरक्षित और स्थायी परिवार मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद बच्चे को प्यार, सुरक्षा और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना है।