Thursday, July 30, 2026
Punjab PSPCL ALM Recruitment

पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, PSPCL में शामिल होंगे 2437 प्रशिक्षित ITI पास युवा

चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की है कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में 2437 प्रशिक्षित युवाओं को असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के पद पर शामिल किया जाएगा।

वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने बताया कि PSPCL में ALM के लिए कुल 2600 पद आरक्षित किए गए थे। इन पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों ने छह महीने का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी पूरा कर लिया है। अब सरकार ने इन प्रशिक्षित युवाओं को विभाग में शामिल करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सोच है कि पंजाब के युवाओं को अधिक से अधिक सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कानूनी राय लेने के बाद इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति का निर्णय लिया है।

हरपाल चीमा ने कहा कि आगामी मानसून सीजन और बढ़ती गर्मी को देखते हुए बिजली विभाग में अतिरिक्त मानव संसाधन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में प्रशिक्षित युवाओं को जल्द विभाग में शामिल किया जाएगा, जिससे बिजली सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

 

 

यह भी पढ़ें: यमुनानगर में NEET-UG 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 6 केंद्रों पर 1736 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

 

 

हालांकि, नियुक्ति से पहले इन सभी अभ्यर्थियों को पंजाबी भाषा का एक बुनियादी टेस्ट पास करना होगा। इस परीक्षा में सफल होने के बाद उन्हें विभाग में नियमित जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

सरकार के इस फैसले से हजारों प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद जगी है और बिजली विभाग को भी प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा।