Wednesday, July 29, 2026
कुरान पर अभद्र टिप्पणी विवाद

सोशल मीडिया पर कुरान को लेकर अभद्र टिप्पणी का विवाद, कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोग

नाहन। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का एक मामला सामने आया है। इस मामले के विरोध में शनिवार को अंजुमन इस्लामिया के सदर बॉबी एहमद के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

अंजुमन इस्लामिया के सदर बॉबी एहमद ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पवित्र कुरान से जुड़ी एक सकारात्मक और प्रेरणादायक बात साझा की थी। आरोप है कि इस पोस्ट पर एक व्यक्ति ने आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

बॉबी एहमद ने कहा कि संबंधित व्यक्ति, जो मूल रूप से शिलाई क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में पांवटा साहिब में रह रहा है, के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, धार्मिक ग्रंथ या आस्था के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि सभी धर्मों के सम्मान को बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कानूनी प्रावधान किए जाने चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल से भी इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी कानून बनाने का आग्रह किया।

मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

 

 

यह भी पढ़ें: मानसून को लेकर हिमाचल सरकार अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में SDRF-NDRF टीमें तैनात