Wednesday, July 29, 2026
रादौर ज्वेलर लूटकांड

रादौर ज्वेलर लूटकांड: पुलिस- बदमाश मुठभेड़ में 3 आरोपियों के पैर में लगी गोली, 4 लाख की लूट मामले में बड़ी कार्रवाई

यमुनानगर: रादौर में 9 जुलाई को एक ज्वेलर से हुई करीब 4 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पहले से गिरफ्तार दो आरोपियों की निशानदेही पर फरार चल रहे इनामी बदमाशों की तलाश के दौरान अपराध शाखा-2 की टीम की कांजनू नहर पुल के पास मुठभेड़ हो गई। इस दौरान तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लूटकांड में गिरफ्तार किए गए गांव पटहेड़ा (इंद्री) निवासी संदीप और गांव पाड़ा (जिला करनाल) निवासी नीरज सात दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान कांजनू नहर पुल के पास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हो गया।

मुठभेड़ के दौरान रवि (पटहेड़ा, इंद्री), सतबीर (खेड़ी तागा, सोनीपत) और पवन उर्फ पुन्ना के पैर में गोली लगी, जबकि परवीन को पुलिस ने मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी लूटकांड में शामिल थे और इन पर पहले से इनाम घोषित किया गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के जरिए लूट में इस्तेमाल हथियारों, वाहन और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं