Wednesday, July 29, 2026
राम मंदिर चंदा मामला

राम मंदिर चंदा मामले पर नरेश चौहान की प्रतिक्रिया, सिटिंग जज की निगरानी में जांच की मांग

शिमला। अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर देश की करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इसके निर्माण के लिए देशभर के लोगों ने श्रद्धा और विश्वास के साथ दान दिया था।

नरेश चौहान ने कहा कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में इस पूरे प्रकरण की जांच किसी सिटिंग जज की निगरानी में कराई जानी चाहिए, ताकि जांच प्रक्रिया पर किसी प्रकार का संदेह न रहे और लोगों का विश्वास बना रहे।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए एक ट्रस्ट का गठन किया गया था। इसलिए इस मामले में ट्रस्ट की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। चौहान ने कहा कि यह देश और उत्तर प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।

प्रधान मीडिया सलाहकार ने कहा कि जिन-जिन लोगों का नाम या संबंध इस मामले में सामने आता है, उन सभी की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश भाजपा से भी इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

यह भी पढ़े: लाडवा थाना प्रकरण में SIT की जांच तेज, दो ASI और होमगार्ड का कराया मेडिकल

नरेश चौहान ने कहा कि यदि चंदे में किसी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी हुई है, तो यह केवल आर्थिक मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। इसलिए मामले की गहन, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच बेहद आवश्यक है।