कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के किशनपुरा गांव में जमीन को लेकर चल रहा वर्षों पुराना विवाद एक बुजुर्ग महिला की मौत का कारण बन गया। खेत की जमीन को लेकर परिवार के दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची 74 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 74 वर्षीय निर्मला देवी निवासी गांव किशनपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निर्मला देवी के पति रामपाल और उनके भाई के बीच करीब एक एकड़ कृषि भूमि को लेकर पिछले आठ वर्षों से विवाद चल रहा था।
खेत जोतने को लेकर बढ़ा विवाद
मृतका के बेटे रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी तरसेम ने उनके हिस्से की जमीन को जोत दिया था। जब उन्होंने और उनके पिता रामपाल ने इसका विरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी तरसेम ने घर से डंडा लाकर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर निर्मला देवी मौके पर पहुंचीं और झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान तरसेम ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
परिजनों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी का बेटा शुभम भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी हाथापाई की। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक निर्मला देवी की हालत गंभीर हो चुकी थी।
परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
विदेश से धमकी मिलने का भी आरोप
मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि अस्पताल से लौटते समय उसे मोबाइल फोन पर धमकी भरे कॉल भी आए। उसने दावा किया कि आरोपी पक्ष के एक सदस्य, जो विदेश में रहता है, ने उसे धमकाया।
यह भी पढ़ें: कलायत में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
पुलिस ने दर्ज किया मामला
थाना सदर थानेसर के SHO रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
