यमुनानगर। सोशल मीडिया पर रील बनाने और कुछ अलग दिखाने का शौक एक 15 वर्षीय किशोर की जिंदगी पर भारी पड़ गया। यमुनानगर के जगाधरी वर्कशॉप में मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बनवाने के दौरान दसवीं कक्षा का छात्र हाईवोल्टेज बिजली की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयानक था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो किशोर का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान जवाहर नगर निवासी 15 वर्षीय केशव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, केशव अपने बुआ के बेटे आशीष के साथ नए कपड़े खरीदने के लिए घर से निकला था। कपड़े खरीदने के बाद दोनों ने वीडियो बनाने का प्लान बनाया और जगाधरी वर्कशॉप के सामने पहुंच गए। वहां रेलवे ट्रैक पर एक मालगाड़ी खड़ी हुई थी।
बताया जा रहा है कि वीडियो बनवाने के लिए केशव मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया, जबकि उसका रिश्तेदार आशीष नीचे खड़ा था। इसी दौरान आशीष के पास किसी का फोन आ गया और वह बात करने लगा। तभी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ा केशव ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की लाइन की चपेट में आ गया। अचानक जोरदार धमाका हुआ और किशोर बुरी तरह झुलस गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसके शरीर से धुआं निकलते देखा।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। केशव दसवीं कक्षा का छात्र था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता एलआईसी एजेंट हैं और परिवार में उसकी एक छोटी बहन भी है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
