Monday, November 23, 2026
अंबाला रेलवे स्टेशन पर 36 किलो चूरा पोस्त बरामद, GRP ने दो आरोपियों को दबोचा

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर GRP की बड़ी कार्रवाई, 36 किलो चूरा पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

अंबाला। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 किलो चूरा पोस्त बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले हैं और रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए लुधियाना जाने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, अंबाला छावनी जीआरपी थाना पुलिस की टीम एसआई धर्मबीर सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम जब प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची तो उन्हें सूचना मिली कि स्टेशन पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं। दोनों युवक लुधियाना जाने की तैयारी में हैं और उनके पास मौजूद बैग में नशीला पदार्थ हो सकता है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से 36 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी मंजेश तिवारी और रंजीत गिरी के रूप में की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने एक आरोपी को जेल भेज दिया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की खेप के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।