चरखी दादरी प्रदेश में अव्वल, गांव मिराण की दीपिका ने 499 अंक लेकर किया टॉप
भिवानी। Board of School Education Haryana ने वीरवार को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। 12वीं की तर्ज पर इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता के झंडे गाड़े। बोर्ड का कुल परीक्षा परिणाम 89.60 प्रतिशत रहा, जबकि छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से 3.95 प्रतिशत बेहतर दर्ज किया गया।
बोर्ड चेयरमैन Dr. Pawan Kumar ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में कुल 2 लाख 76 हजार 640 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2 लाख 47 हजार 860 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। वहीं 6 हजार 201 विद्यार्थियों का परिणाम एसेंशियल रिपीट (ईआर) रहा है।
परीक्षा परिणाम में गांव मिराण के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। चरखी दादरी के गांव बिगोवा स्थित बीएसएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा रौनक, हिसार के पुठ्ठी समैन स्थित एनसीवीएम हाई स्कूल की छात्रा खुशी तथा हिसार के खेरी जलब स्थित स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा अंतू ने 498 अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया।
सोनीपत के सहारपुर तुर्क स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र काव्यां तथा हिसार के मंगाली स्थित टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा दीक्षा ने 497 अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि छात्राओं का पास प्रतिशत 91.64 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 87.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए 90.25 प्रतिशत परिणाम हासिल किया, जबकि शहरी क्षेत्रों का परिणाम 87.94 प्रतिशत रहा।
उन्होंने बताया कि निजी विद्यालयों का परिणाम 92.45 प्रतिशत रहा, जबकि सरकारी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 87.23 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिला स्तर पर चरखी दादरी ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। जींद दूसरे और महेंद्रगढ़ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि नूंह जिला सबसे नीचे रहा।
बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि 10वीं ओपन स्कूल परीक्षा का परिणाम 11.17 प्रतिशत तथा रि-अपीयर परीक्षा का परिणाम 47.64 प्रतिशत रहा। इसके अलावा डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी अपना परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। जो विद्यार्थी अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के भीतर पुनर्मूल्यांकन या पुनः जांच के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
