Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: सिरमौर में दो अलग-अलग मामले, राजगढ़ में 140 पेटी अवैध शराब बरामद, रेणुका जी में मारपीट का मामला दर्ज

हिमाचल के जिला सिरमौर में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है, वहीं मारपीट के मामले में भी अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला पुलिस थाना राजगढ़ क्षेत्र का है, जहां देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ठाकुर ढाबा नेरी के पास नाकाबंदी कर Pickup नंबर HP 62-4944 को रोका। वाहन चालक की पहचान संदीप वर्मा, निवासी गांव बजोग, तहसील राजगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 140 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इनमें 50 पेटी देसी शराब “संतरा नंबर 1” और 90 पेटी अंग्रेजी शराब “ROYAL STAG” शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस थाना राजगढ़ में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

वहीं दूसरा मामला पुलिस थाना रेणुका जी क्षेत्र से सामने आया है। बेड़ोन निवासी विजेंद्र तोमर ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने पिता को गांव छोऊ भोगर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लेखराज की गाड़ी खड़ी थी। गाड़ी हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि लेखराज और उसके भाई ने डंडों से हमला कर विजेंद्र को घायल कर दिया। घटना में विजेंद्र के दाहिने हाथ की कलाई में फ्रैक्चर आया है। डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना रेणुका जी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *