Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: नौहराधार में रेणुका क्षेत्र की पहली थोक फल-सब्जी मंडी शुरू, किसानों को बड़ी राहत

सिरमौर
रेणुका विधानसभा क्षेत्र की पहली थोक फल-सब्जी मंडी का नौहराधार में संचालन शुरू हो गया है। मंडी शुरू होते ही व्यापारियों ने किसानों से नगदी उपज खरीदना भी शुरू कर दिया है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को बड़ी राहत मिली है।

चार मंजिला इस मंडी का शिलान्यास 12 अक्टूबर 2022 को तत्कालीन मार्केटिंग बोर्ड चेयरमैन बलदेव भंडारी ने भूमि पूजन कर किया था। पूर्व भाजपा सरकार ने किसानों की मांग पर वर्ष 2022 में इस मंडी की घोषणा की थी और इसके निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया था।

मंडी में व्यापारियों के लिए कुल 20 दुकानें बनाई गई हैं। पहली मंजिल पर 10 दुकानें और चौथी मंजिल पर 10 दुकानें हैं। दूर-दराज से आने वाले किसानों की सुविधा के लिए दो मंजिलों में रात्रि ठहराव के लिए कमरे और दिन में विश्राम के लिए एक बड़ा हॉल बनाया गया है। इसके अलावा कैंटीन, कृषि अधिकारी का कार्यालय और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि मंडी शुरू होने से अब उन्हें उपज बेचने के लिए सोलन, दिल्ली या अन्य दूर की मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका परिवहन खर्च बचेगा, समय की बचत होगी और स्थानीय स्तर पर ही फसल का बेहतर दाम मिल सकेगा।

व्यापारियों को भी अब एक ही स्थान पर ताजी सब्जी और फल उपलब्ध हो जाएंगे। मंडी के संचालन से किसानों और व्यापारियों दोनों को सीधा फायदा होगा और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

नौहराधार रेणुका विधानसभा की एकमात्र सब्जी मंडी है। इसके शुरू होने से पूरे क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *