Thursday, July 30, 2026
नहाते समय गिरने से भाजयुमो नेता का निधन

नहाते समय गिरने से भाजयुमो नेता जय प्रकाश ठाकुर की मौत, संगड़ाह में शोक की लहर

बाथरूम में अचेत मिले भाजयुमो नेता, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

संगड़ाह। सिरमौर (Sirmaur) जिले के संगड़ाह उपमंडल मुख्यालय निवासी भाजपा (BJP) युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता जय प्रकाश उर्फ जेपी ठाकुर का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह बाथरूम में गिर गए और अचेत हो गए। परिजन उन्हें तुरंत संगड़ाह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार को स्थानीय श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

हार्ट अटैक की आशंका, रिपोर्ट का इंतजार

मृतक का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर विक्रांत ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों के अनुसार जय प्रकाश सुबह नहाने के दौरान अचानक अचेत हो गए थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

40 वर्षीय जय प्रकाश ठाकुर अपने परिवार के अकेले कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी और तीन बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार जेपी सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे तथा क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।

भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

जय प्रकाश ठाकुर के निधन पर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। भाजपा नेता नारायण सिंह, प्रताप तोमर, कुशल चौहान, बलवीर ठाकुर, विजेंद्र शर्मा, प्रताप सिंह, अनिल भारद्वाज और मनोज ठाकुर ने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि पार्टी ने अपना एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता खो दिया है।

वहीं, कांग्रेस रेणुका जी मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व पंचायत प्रधान चौहान सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रशासन को नहीं मिली दुर्घटना संबंधी रिपोर्ट

एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि दुर्घटना की स्थिति में प्रशासन द्वारा राहत राशि प्रदान की जा सकती है। फिलहाल, प्रशासन को इस संबंध में कोई आधिकारिक रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में शोक का माहौल

जय प्रकाश ठाकुर के असामयिक निधन से संगड़ाह क्षेत्र में शोक की लहर है। सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और स्थानीय लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।