शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार आगामी मानसून सीजन और संभावित प्राकृतिक आपदाओं को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इस संबंध में राजस्व विभाग की ओर से हाल ही में उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि राज्य सरकार ने संभावित दुर्घटना और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में डिजास्टर मैनेजमेंट, SDRF और NDRF की टीमों की तैनाती सुनिश्चित की है। इसके अलावा नदियों में ड्रेजिंग कार्य और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में नुकसान कम करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
निर्माण गतिविधियों के लिए नई नीति पर काम
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में निर्माण गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए सरकार नई नीति तैयार कर रही है। इस संबंध में कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप पंचायतों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे जाएंगे।
नई नीति में यह स्पष्ट किया जाएगा कि कितनी भूमि पर कितनी मंजिला इमारत का निर्माण किया जा सकेगा। साथ ही नदी-नालों से सुरक्षित दूरी, निर्माण मानक और अन्य आवश्यक नियमों को भी नीति का हिस्सा बनाया जाएगा।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
केंद्र से आपदा सहायता के मुद्दे पर राजस्व मंत्री ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र का रवैया हिमाचल के प्रति हमेशा उदासीन रहा है। नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को भी अब तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के साथ न्याय नहीं किया, बल्कि केवल भेदभाव किया है। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं पर प्रदेश के मुद्दों पर ठोस जवाब नहीं देने का आरोप भी लगाया।
पूर्व भाजपा सरकार पर भी लगाए आरोप
जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू लगातार प्रदेश के हितों की आवाज उठा रहे हैं, जबकि पूर्व भाजपा सरकार ने हिमाचल के हितों से समझौता किया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि पूर्व सरकार ने प्रयास किए होते तो उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते थे।
नेगी ने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के दौरान प्रदेश को कोई बड़ा नया प्रोजेक्ट नहीं मिला और कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है।
