Wednesday, July 29, 2026
कुरुक्षेत्र राजू हत्याकांड

इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, पति की हत्या तक पहुंची कहानी; कुरुक्षेत्र में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

कुरुक्षेत्र के सांवला गांव में राजू हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के सांवला गांव में 42 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ एक कथित प्रेम संबंध इस वारदात की वजह बना। मामले में मृतक की पत्नी सुषमा और उसके कथित प्रेमी मोहित को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का दावा- सोशल मीडिया से शुरू हुई थी पहचान

पुलिस जांच के मुताबिक करीब दो वर्ष पहले मोहित की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सुषमा से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे फोन कॉल और फिर कथित प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ महीने पहले मोहित दुबई से लौटकर भारत आ गया, जिसके बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं।

पति को हुआ शक, घर में बढ़ने लगे विवाद

जांच में सामने आया कि राजू को पत्नी के मोबाइल पर लगातार बातचीत को लेकर शक हो गया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान कथित रूप से हत्या की साजिश तैयार की गई।

पुलिस के अनुसार पहले दोस्ती, फिर रची हत्या की योजना

जांच अधिकारियों का कहना है कि मोहित ने पहले राजू और उसके परिवार का विश्वास जीता। वह अक्सर परिवार के संपर्क में रहता था और बाद में राजू का करीबी बन गया। पुलिस का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

खेतों में ले जाकर की हत्या

थाना सदर थानेसर के एसएचओ रणधीर सिंह के अनुसार, 18 जुलाई की रात मोहित कथित रूप से राजू को बाइक पर खेतों में ले गया। वहां दोनों ने शराब पी। पुलिस का आरोप है कि नशे की हालत में मोहित ने परने से गला घोंटकर राजू की हत्या कर दी और शव को गांव के गुरुद्वारे के पास सड़क किनारे फेंक दिया।

सुबह ग्रामीणों ने देखा शव

अगली सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां रोशनी देवी ने आरोप लगाया कि मोहित ने पहले परिवार का विश्वास जीता और बाद में परिवार के बेहद करीब आ गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुषमा कई बार राजू को तलाक देने की बात कहती थी। इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।

मुख्य आरोपी रिमांड पर, जांच जारी

पुलिस ने पत्नी सुषमा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी मोहित को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: हिसार में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या कर पति ने लगाई फांसी