Wednesday, July 29, 2026
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में राज्य गीत ‘जय जय जय हरियाणा’

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में गूंजेगा ‘जय जय जय हरियाणा’ राज्य गीत, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए आदेश

भिवानी। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब राष्ट्रीयगान और राष्ट्रीय गीत के साथ सप्ताह में एक दिन राज्य गीत ‘जय जय जय हरियाणा’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। आदेशों के अनुसार, प्रत्येक राजकीय स्कूल में सप्ताह में एक दिन प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के बाद विद्यार्थियों द्वारा राज्य गीत का सामूहिक गायन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से लागू करने और स्कूलों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने बताया कि राज्य गीत के नियमित गायन का उद्देश्य विद्यार्थियों को हरियाणा की संस्कृति, इतिहास, गौरव और पहचान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में प्रदेश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी।