गोवंश तस्करी और पुलिस पार्टी पर फायरिंग के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को तोशाम बस अड्डे से काबू किया। आरोपी की पहचान जगदीश पुत्र भंवर सिंह निवासी तोशाम के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश पर जिले में फरार और इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-2 की टीम को यह सफलता मिली।
सीआईए प्रभारी दशरथ के अनुसार, 14 नवंबर 2023 को पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंटर नंबर HR-74B-8480 में 6-7 युवक गोवंश को रस्सियों से बांधकर कथित तौर पर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसआई रमेश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर आरोपियों ने कैंटर लेकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों आफिक निवासी उटावड़, पलवल, आरिफ निवासी रोजका, सोहना और आमीन निवासी पयंगांव को मौके से गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से गोवंश, रस्सियां, एक देशी कट्टा .315 बोर और दो कारतूस बरामद किए गए थे।
हालांकि, कुछ आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे। इसी मामले में फरार चल रहे जगदीश को अब पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका काम खेतों से गोवंश इकट्ठा करना था, जिसके बदले उसे पैसे मिलते थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
