अंबाला। कांग्रेस ने एक बार फिर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अंबाला पहुंचे कांग्रेस के AICC प्रभारी संजय दत्त ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित होने वाले मार्च के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इस मार्च के बाद कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे को लेकर गांवों और शहरों में चौपाल लगाएगी और जनता के बीच जाकर इस मुद्दे को उठाएगी। इसके साथ ही बूथ स्तर पर वोट रक्षक ऐप के माध्यम से डाटा अपलोड किया जाएगा।
संजय दत्त ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया था, लेकिन आज इस अधिकार को छीने जाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 26 नवंबर को पंचकूला में होने वाले संविधान दिवस मार्च में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
इस दौरान संजय दत्त ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था, रोजगार और महंगाई जैसे अहम मुद्दों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों का समाधान करने के बजाय दूसरे विषयों को आगे लाकर लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस की स्थापना को लेकर भाजपा के बयान पर पलटवार
कांग्रेस की स्थापना को लेकर भाजपा द्वारा दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए संजय दत्त ने कहा कि यह सही है कि एओ ह्यूम ने कांग्रेस की स्थापना की थी, लेकिन आजादी की लड़ाई में कांग्रेस के बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से प्रेरणा लेकर कांग्रेस के नेताओं ने देश की आजादी के लिए त्याग और बलिदान दिया। अन्य क्रांतिकारियों का योगदान भी स्वतंत्रता संग्राम में बेहद महत्वपूर्ण रहा।
संजय दत्त ने RSS और संघ पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि अंग्रेजों के शासनकाल में संघ से जुड़े कुछ लोग अंग्रेजों के पक्ष में काम करते थे और स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ गवाही देते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों की वजह से स्वतंत्रता सेनानियों को जेल जाना पड़ा। ये आरोप संजय दत्त ने भाजपा के बयान के जवाब में लगाए।
फ्री होल्ड के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
फ्री होल्ड के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए संजय दत्त ने कहा कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी जवाबदेही तय करने से पीछे हट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई महत्वपूर्ण मुद्दा सामने आता है तो सरकार उसका जवाब देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने के लिए दूसरे विषय सामने ले आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
