अंबाला। अंबाला छावनी की सूअर मंडी में चल रहे कथित अवैध स्लॉटर हाउस को लेकर नगर परिषद ने कार्रवाई की है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के जनता कैंप में शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने स्लॉटर हाउस संचालकों से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा और खुले में पशुओं को काटकर मांस बेचने पर आपत्ति जताई। इस दौरान किसी प्रकार के विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान स्लॉटर हाउस संचालकों ने मंगलवार दोपहर 12 बजे तक की मोहलत मांगी और तब तक अपना काम बंद कर स्थान खाली करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री अनिल विज के जनता कैंप में अंबाला छावनी में बनारसी दास मिल के पीछे चल रहे स्लॉटर हाउस और खुले में सूअर के मांस की बिक्री को लेकर शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग खुले में सूअरों को काटकर उनका मांस बेचते हैं, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद अंबाला सदर की टीम ने मामले में कार्रवाई की।
चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनील दत्त के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और स्लॉटर हाउस संचालकों से आवश्यक दस्तावेज दिखाने को कहा। टीम ने खुले में मांस की बिक्री नहीं करने और स्लॉटर हाउस का काम बंद करने की हिदायत दी। वहीं, स्लॉटर हाउस संचालक ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इस क्षेत्र में केवल वही यह काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि शिकायतकर्ता सहित अन्य लोग भी स्लॉटर हाउस चला रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।
स्लॉटर हाउस संचालक ने नगर परिषद की टीम से मंगलवार दोपहर 12 बजे तक का समय मांगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय तक वह अपना स्लॉटर हाउस यहां से हटा लेंगे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम नगर परिषद के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए मौके पर पहुंची थी, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह का झगड़ा या विवाद न हो। नगर परिषद की टीम ने संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मंगलवार दोपहर तक स्लॉटर हाउस बंद नहीं किए गए तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बार-बार मिल रही शिकायतों के बाद नगर परिषद की इस कार्रवाई से सूअर मंडी में चल रहे स्लॉटर हाउस का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि निर्धारित समय तक संचालक अपना काम बंद करते हैं या नगर परिषद को आगे सख्त कार्रवाई करनी पड़ती है।
