Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA NEWS : नूंह में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: दो कृषि अधिकारी दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

उज्ज्वल दिशा @ अंबाला / नूंह मेवात : हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड कृषि अधिकारी सुनील कुमार और कृषि सुपरवाइजर पंकज (पुत्र रवि कुमार) को दस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब दोनों आरोपी एक किसान से फसल खराबे के सर्वे और रिपोर्ट को अनुकूल बनाने के बदले रिश्वत ले रहे थे।जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक किसान ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उससे फसल सर्वे के नाम पर दस हजार की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की पुष्टि की और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से पैसे लिए, टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

UJJWAL DISHA NEWS लाडवा में खौफनाक वारदात: कॉलेज संचालक के घर पर 18 राउंड फायरिंग

 

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एंटी करप्शन अधिकारी इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने किया। वहीं, कार्रवाई की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट मनीष यादव को भी मौके पर मौजूद रखा गया। एसीबी टीम ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि शिकायत के आधार पर ट्रैप लगाया गया था और जैसे ही आरोपियों ने दस हजार की रिश्वत ली, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि आरोपियों की इस कार्यप्रणाली से वे लंबे समय से परेशान थे। फसल सर्वे जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में रिश्वतखोरी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था और सरकारी योजनाओं का सही लाभ नहीं मिल पा रहा था।फिलहाल एंटी करप्शन ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

UJJWAL DISHA: अंबाला नगर निगम चुनाव: नेता वो जो आपके सुख-दुख में दिखे, न कि सिर्फ पोस्टरों में बिके

One comment

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *