उज्ज्वल दिशा @ अंबाला : अंबाला हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलें विभाग के आयुक्त एवं सचिव जे0 गणेशन ने वीरवार को अंबाला कैंट अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी में चल रही खरीद व्यवस्था, लिफिटंग कार्य, मंडी गेट पास, किसानों के लिए हैल्प डेस्क व बायोमैट्रिक के साथ-साथ किसानों की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयुक्त एवं सचिव ने संबंधित को निर्देश देते हुए कहा कि मंडी में किसानों को गेंहू खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी अथवा असुविधा नही होनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर बेहतर कार्य करना सुनिश्चित करें। खरीद के साथ-साथ लिफ्टिंग, व अन्य कार्य भी बिना किसी देरी सुगमतापूर्वक करवाएं जाएं। इस दौरान उन्होंने किसानों व आढ़तियों से बातचीत की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिएं। उन्होंने कहा कि मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, शौचालय और गेहूं का समय पर उठान जैसी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रहें।निरीक्षण के दौरान आयुक्त एवं सचिव ने गेहूं की ढेरियों का निरीक्षण किया और मौके पर ही गेहूं की नमी की मात्रा भी जांची। इसके साथ-साथ उन्होंने गेहूं की तुलाई प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि तुलाई पारदर्शी और बिना किसी देरी के की जाए व खरीदी गई गेहूं का समय पर उठान किया जाए ताकि किसानों को भुगतान समय पर मिल सके।

आयुक्त एवं सचिव जे0 गणेशन ने गेहूं खरीद कार्य के तहत किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए इसके लिए मंडी में किसानों के गेट पास काटने के लिए जो व्यवस्था की गई है उसका भी जायजा लिया और जो कार्य किए जा रहे थे उस बारे संतोष व्यक्त किया। इस मौके पर किसानों व अन्य से भी बातचीत करते हुए उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं आ रही है, इसकी भी जानकारी ली। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी तकनीकी कारण से पोर्टल बंद है तो ऐसी स्थिति में सम्बन्धित एंजैसी व मार्किट कमेटी सचिव मैनुअल तरीके से गेहूं खरीद कार्य के साथ-साथ गेट पास के कार्य करें और बाद में उसे नियमों की पालना अनुरूप पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों को अपनी फसलों को बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।इस मौके पर डीएम हैफड देवेन्द्र सिंह, डीएफएससी निशांत राठी, मार्किट कमेटी सचिव नीरज भारद्वाज के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।

One comment