Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: अंबाला में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: कुलविंदर कौर ने भरा मेयर पद का नामांकन, दीपेंद्र हुड्डा और वरुण चौधरी ने भरी हुंकार

अंबाला: नगर निगम चुनाव के रण में आज कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी कुलविंदर कौर ने भारी लाव-लश्कर और दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले कांग्रेस ने शहर में एक बड़ी रैली निकालकर जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया, जिसने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है।

दिग्गजों का जमावड़ा: एकजुट दिखी कांग्रेस

नामांकन के दौरान हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अंबाला के सांसद वरुण चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी के बड़े चेहरों की एक साथ मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया।

दीपेंद्र हुड्डा का सरकार पर प्रहार: “महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त”

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नगर निगमों में जनता की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने महंगाई और स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस में टिकट न मिलने से नाराज होकर निर्दलीय नामांकन भरने वाले कार्यकर्ताओं के सवाल पर हुड्डा ने नरमी दिखाते हुए कहा:

“परिवार बड़ा है, कुछ साथियों में नाराजगी हो सकती है, लेकिन हम सबको साथ लेकर चलेंगे। जल्द ही सभी नाराज साथियों को मना लिया जाएगा।”

वरुण चौधरी ने एनडीसी और आरक्षण मुद्दे पर घेरा

अंबाला सांसद वरुण चौधरी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में ‘एनडीसी’ (No Dues Certificate) के नाम पर केवल भ्रष्टाचार हो रहा है और आम जनता को बेवजह परेशान किया जाता है। उन्होंने सरकार को ‘दलित विरोधी’ बताते हुए कहा:

“सरकार ने एससी (SC) सीटों को घटाने का काम किया है, जिससे इनकी दलित विरोधी मानसिकता साफ झलकती है। जनता इस अपमान का बदला आने वाले चुनाव में वोट की चोट से देगी।”

“अभी स्थितियों को समझ रही हूं”: कुलविंदर कौर

नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस मेयर उम्मीदवार कुलविंदर कौर ने सभी बड़े नेताओं का आभार व्यक्त किया। मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि वह अभी नई राजनीतिक स्थितियों और जनता की उम्मीदों को गहराई से समझ रही हैं और जल्द ही अपना विस्तृत चुनावी विजन जनता और मीडिया के सामने रखेंगी।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *