गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आदतन अपराधियों के पांच अवैध ठिकानों को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया। जिला प्रशासन के सहयोग से धनकोट नगर क्षेत्र में अवैध रूप से बने मकानों और बोरवेल को हटाकर जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
खुफिया सूचना के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा पालम विहार को खुफिया सूचना मिली थी कि धनवापुर निवासी नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा ने धनकोट नहर के पास सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रखा है। जांच और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 जुलाई को बुल्डोजर कार्रवाई की गई।
दोनों आरोपियों पर 25 गंभीर मुकदमे दर्ज
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट और शस्त्र अधिनियम सहित 12 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, सन्नी उर्फ डोगरा पर भी हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों को क्षेत्र के आदतन अपराधियों में शामिल मानती है।
सुरक्षा के बीच चला अभियान
बुल्डोजर कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई।
यह भी पढ़ें: सस्ती फॉर्च्यूनर का झांसा देकर 31 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई जारी रहेगी
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों, अवैध कब्जों और भूमि माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि ऐसे कदमों का उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना और शहर को सुरक्षित बनाना है।
